मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को कामदुनी आंदोलन की प्रमुख चेहरा टुम्पा कोयाल ने भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने भाजपा सांसद लाॅकेट चटर्जी के हाथों पार्टी का झंडा लिया। उनके पार्टी में शामिल होते ही यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या वह आगामी चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगी। हालांकि भाजपा की ओर से अब तक उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें टिकट दिया जा सकता है। टुम्पा कोयाल ने कहा, “2013 से भाजपा हमारे साथ खड़ी रही है। जब हम कोलकाता हाई कोर्ट में निराश हुए थे, तब भाजपा ने हमें सुप्रीम कोर्ट जाने में मदद की। राज्य में महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा ही सबसे बेहतर विकल्प है।”गौरतलब है कि 2013 में उत्तर 24 परगना के कामदुनी में एक कॉलेज छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन हुए थे। उसी आंदोलन से टुम्पा कोयाल और मौसुमी कोयाल प्रमुख चेहरों के रूप में सामने आई थीं। बताया जा रहा है कि टुम्पा कोयाल पहले ही राजनीति में आने की इच्छा जता चुकी थीं और इस संबंध में उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य से भी बातचीत की थी। 22 मार्च को साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में उनकी मुलाकात भी हुई थी, जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने का रास्ता साफ हुआ। टुम्पा के शामिल होने के बाद पार्टी के भीतर भी सवाल उठने लगे हैं। भाजपा टुम्पा कोयाल को चुनावी मैदान में उतारती है या नहीं?