टॉप न्यूज़

भारत-पाक संघर्ष विराम पर ट्रंप ने थपथपाई अपनी ही पीठ

बोले-अमेरिका की मध्यस्थता से ही ‘तत्काल और पूर्ण संघर्ष विराम’ पर सहमत हुए भारत और पाकिस्तान

वाशिंगटन : भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चली लड़ाई में शनिवार को संघर्ष विराम की घोषणा कर दी गई है। पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) ने शनिवार दोपहर फोन पर बातचीत की जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी। इस्लामाबाद में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री डार ने इसकी पुष्टि की। इसमें किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं है। दोनों देश 2 मई को आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पीठ थपथपाते हुए दावा किया है कि अमेरिका की मध्यस्थता से हुई वार्ता के बाद भारत और पाकिस्तान ‘तत्काल और पूर्ण’ संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में घोषणा की, ‘‘अमेरिका की मध्यस्थता में पूरी रात चली बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान ‘तत्काल और पूर्ण संघर्ष विराम’ पर सहमत हो गए हैं।’’

ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों को समझदारी और विवेक का इस्तेमाल करने के लिए बधाई। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद। जानकारी हो कि भारत और पाकिस्तान के बीच कई दशकों की दुश्मनी है, लेकिन बीते 7 मई के बाद दोनों देशों के बीच शुरू हुआ युद्ध आक्रमक रूख ले रहा था। पाकिस्तान ने बॉर्डर के इतर भारत की आबादी क्षेत्रों में हमले किए थे, लेकिन 4 दिन तक चली इस लड़ाई के और खतरनाक होने से पहले ही दोनों देश संघर्ष विराम पर तैयार हो गये हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने भी क्रेडिट लेने की कोशिश की : इधर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस मामले में क्रेडिट लेने की कोशिश की। रुबियो ने भी ‘एक्स’ पर कहा कि पिछले 48 घंटे में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख मुनीर और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत वरिष्ठ भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत की है। रुबियो ने कहा कि उन्हें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल संघर्ष विराम और तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गई हैं। उन्होंने कहा कि हम शांति का मार्ग चुनने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ के विवेक और राजनीतिक सूझबूझ की सराहना करते हैं।

यह है वास्तविकता : बताया गया कि भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने का मामला सीधे तौर पर दोनों देशों के बीच तय हुआ था। पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) ने शनिवार दोपहर फोन पर बातचीत की जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी। इस्लामाबाद में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री डार ने तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम की पुष्टि की। डार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।

SCROLL FOR NEXT