वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समधी चार्ल्स कुशनर को फ्रांस का राजदूत नियुक्त कर दिया है। कुशनर ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर के पिता हैं। अमेरिकी सीनेट ने ‘रियल एस्टेट’ कारोबारी चार्ल्स कुशनर की फ्रांस के राजदूत के रूप में नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। कुशनर के पक्ष में 45 के मुकाबले 51 मत पड़े। ट्रंप ने पिछले साल नवंबर में चार्ल्स कुशनर को नामित करने के अपने इरादे की घोषणा करते समय उन्हें ‘एक कुशल कारोबारी, परोपकारी और सौदा करने में माहिर शख्स’ बताया था।
टैक्स चोरी के आरोपी, ट्रंप ने दी थी माफी
कर चोरी और चुनाव प्रचार अभियान के दौरान अवैध रूप से दान करने के आरोप में सालों पहले दोषी ठहराए गए चार्ल्स कुशनर को दिसंबर 2020 में ट्रंप ने माफी दे दी थी। वह ‘कुशनर कंपनीज’ नामक ‘रियल एस्टेट’ फर्म के संस्थापक हैं। उनके बेटे जैरेड ट्रंप के पूर्व कार्यकाल में ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के वरिष्ठ सलाहकार रह चुके हैं। जैरेड कुशनर की शादी ट्रंप की सबसे बड़ी बेटी इवांका से हुई है।
चार्ल्स कुशनर फ्रांस जाएंगे क्योंकि दोनों पारंपरिक सहयोगियों के बीच तथा अमेरिका और शेष यूरोप के बीच संबंध ट्रंप की व्यापार नीतियों और यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की भूमिका के कारण तनावपूर्ण हो गए हैं। इस महीने की शुरुआत में अपने नाम पर पुष्टि के लिए सीनेट में सुनवाई के दौरान कुशनर ने कहा था कि वह फ्रांस के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि दोनों देशों के महत्वपूर्ण आर्थिक संबंधों में अधिक संतुलन लाया जा सके और वह फ्रांस को रक्षा क्षेत्र में अधिक निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।