सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : जिले के डानकुनी क्षेत्र में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया, जब तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और उस पर भाजपा का झंडा लगाए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डानकुनी नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 स्थित तृणमूल पार्षद चिन्मय नंदी के कार्यालय को निशाना बनाया गया। अज्ञात लोगों ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद सामान को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद कार्यालय पर भाजपा का झंडा लगा दिया गया, जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह घटना चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद हुई। चंडीतला विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार स्वाति खंडकर की जीत पहले ही घोषित हो चुकी थी। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि यह विपक्षी दल के समर्थकों द्वारा जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है और इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बरकरार है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने को कहा है।