सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल में विधानसभा के पहले चरण के चुनाव में अब तक कि रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग के बाद से राजनीतिक पार्टियां अपनी जोड़ घटाव में जुट गयी है। तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि पहले चरण के 152 सीटों में से तृणमूल को 125 सीटें मिलेंगी। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को हावड़ा के जगतबल्लवपुर की सभा से दावा किया कि भाजपा शिविर आतंकित है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि वे बंगाल में आकर लोगों को धमका रहे हैं कि उलटा लटकाकर सीधा कर दिया जायेगा मैं उनसे कह रहा हूं कि चार तारीख तक बंगाल में रहें। इसके बाद ही अभिषेक ने कहा कि मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं लेकिन जब भी मैंने राजनीतिक परिणामों की भविष्यवाणी की है, वह सच हुई है। 2021 में भी सच हुई, 2024 में भी सच हुई और इस बार भी सच होगी। मैं आपको बता रहा हूं। तृणमूल कांग्रेस ने पहले चरण के चुनाव में सीटों की संख्या में शतक पार कर लिया। यह 10 दिनों की बात है। जिन्होंने कहा था कि 23 और 29 अप्रैल को बंगालियों को घर में घुसा दिया जायेगा, उसी मिट्टी पर आकर कह रहे हैं उलटा लटकाकर सीधा कर दूंगा। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मैंने गृह मंत्री से बस इतना कहा, 'गर्मी है, अपना दिमाग ठंडा रखें, ज़्यादा पानी पियें।' वह कहते हैं कि मैंने उन्हें गाली दी। मैंने कुछ भी बुरा नहीं कहा, मैंने बस उनसे शांत रहने को कहा।
ममता सरकार के सबसे ब्रांड एंबेसडर हैं प्रधानमंत्री
झालमुड़ी के बाद अब शुक्रवार को पीएम द्वारा नौका विहार को लेकर भी तृणमूल की टिप्पणी आयी। अभिषेक ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार के पर्यटन अभियान के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर प्रधानमंत्री मोदी हैं। प्रधानमंत्री के यात्रा करने और वीडियो बनाने से लोगों को पता चला है कि बंगाल कितना खूबसूरत है और ममता बनर्जी सरकार ने यहां कितना विकास किया है। जहां पीएम झालमुड़ी खा रहे हैं वह रास्ता झाड़ग्राम नगरपालिका द्वारा तैयार किया गया है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि आज यहां देरी के लिए क्षमा चाहता हूं। चूंकि प्रधानमंत्री आज विभिन्न स्थानों पर रैलियां कर रहे हैं, इसलिए हमें विभिन्न स्थानों पर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई। पिछले छह से एक साल से यह अत्याचार चल रहा है, लेकिन 4 मई को उन्हें इसका मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।