सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा: कमलपुर ग्राम पंचायत में गिरा तृणमूल कांग्रेस का बोर्ड

अविश्वास प्रस्ताव पास होने से भाजपा के सत्ता में आने के आसार

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के श्यामपुर अंतर्गत कमलपुर ग्राम पंचायत में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। अविश्वास प्रस्ताव पर हुए मतदान के दौरान सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस अपना बहुमत साबित करने में नाकाम रही और उसका बोर्ड गिर गया। कुल 21 सदस्यों वाली इस पंचायत में तृणमूल के बागी सदस्यों के सहयोग से अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 12 वोट पड़े, जिसके बाद तृणमूल को सत्ता से बाहर होना पड़ा।

TMC के 6 बागी सदस्यों ने बदला सियासी समीकरण

वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 15 सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की थी, जिसमें मधुमिता मैत्री को प्रधान और अली असगर को उपप्रधान चुना गया था। उस समय भाजपा के पास केवल 6 सीटें थीं। हालांकि, अंदरूनी कलह के बीच तृणमूल के 6 बागी सदस्य भाजपा के खेमे में आ गए। गुरुवार को फ्लोर टेस्ट के दौरान भाजपा के 6 और तृणमूल के 6 बागी सदस्यों ने मिलकर प्रस्ताव का समर्थन किया। वहीं प्रधान व उपप्रधान समेत तृणमूल के 9 सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहे, जिससे बोर्ड भंग हो गया।

भाजपा का दावा: कमलपुर में जल्द बनेगा नया बोर्ड

हावड़ा ग्रामीण जिला भाजपा महासचिव रमेश साधुखां ने कहा कि केंद्र सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर जनप्रतिनिधि पार्टी से जुड़ रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही नए प्रधान और उपप्रधान के चुनाव की तिथि घोषित की जाएगी। मौजूदा आंकड़ों को देखते हुए कमलपुर ग्राम पंचायत में भाजपा का नया बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT