मुंबई-हावड़ा रूट पर सिग्नल केबल चोरी 
टॉप न्यूज़

मुंबई-हावड़ा रूट पर 7 मीटर सिग्नल केबल चोरी, दो महिलाएं गिरफ्तार; 19 ट्रेनें हुईं प्रभावित

सतना के लगरगवां में सिग्नल केबल कटने से 3 घंटे तक अप-डाउन की 19 ट्रेनें लेट, रेल अधिकारियों ने अथॉरिटी पर चलाया संचालन

सतना : मुंबई हावड़ा रेलवे रूट पर गुरुवार को सिग्नल की 7 मीटर केबल चोरी होने के बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया, जिससे अप और डाउन की 19 ट्रेनें लेट हो गईं। इस मामले में आरपीएफ ने महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की घटना को अंजाम मध्य प्रदेश के सतना जिले में लगरगवा में दिया गया। दोनों महिलाओं के खिलाफ रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

2 घंटे अथॉरिटी पर चली ट्रेन

जानकारी के अनुसार, लगरगवां स्टेशन के पास सिग्नल की केबल गुरुवार सुबह 8 बजे केबल कटने के बाद 3 घंटे तक अप और डाउन की 19 ट्रेनें प्रभावित हुईं। इस दौरान रेल अधिकारियों ने गाड़ियों को 2 घंटे तक अथॉरिटी पर परिचालन करवाया। सिग्नल विभाग के इंजीनियरों ने केबल जोड़ा तो परिचालन सामान्य हो पाया।

प्रभावित अप ट्रेनों में अयोध्या एलटीटी, गोरखपुर एलटीटी, दानापुर एसएमवीटी, दरभंगा अहमदाबाद, वाराणसी एकतानगर, सतना कटनी मेमू, जबकि डाउन में डॉ. अंबेडकर नगर रीवा, एलटीटी दानापुर, जबलपुर रीवा शटल और इसके अलावा 5 से अधिक मालगाड़ियां प्रभावित हुई हैं।

दो महिलाओं को पकड़ा गया

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि केबल करने की सूचना मिलते ही स्टाफ समेत तत्काल मौके की तरफ रवाना हुए और घेराबंदी कर केबल लेकर भाग रही दो महिलाओं को केबल सहित पकड़ लिया गया। पकड़ी गई महिलाओं में कल्ली उर्फ सुखवंती (55) पति भोदल और  चिददी उर्फ चिंतामणि पति रामलाल बांसोड़ शामिल हैं।

SCROLL FOR NEXT