निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : पश्चिम बंगाल के नबद्वीप और मायापुर से दर्शन कर हुगली के खानाकुल लौट रही पुण्यार्थियों से भरी एक बस बुधवार सुबह जमालपुर के इलामबाजार के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 8 पुण्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बस में करीब 60 यात्री सवार थे। सुबह अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक बिजली के खंभे से टकराने के बाद सीधे एक मकान में जा घुसी, जिससे मकान का एक हिस्सा ढह गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि सोते हुए स्थानीय लोग दहशत में आ गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े।
हादसे का मंजर बेहद खौफनाक था। पुण्यार्थी अरूप कुमार मंडल ने बताया कि बिजली के खंभे से टकराने के बाद बस की छत पर संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। बस का दरवाजा इलेक्ट्रॉनिक होने की वजह से लॉक हो गया और खुल नहीं रहा था। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए शाबल (लोहे की रॉड) से बस का दरवाजा तोड़ा और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जमालपुर ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 2 पुण्यार्थियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ।