घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची पुलिस  
टॉप न्यूज़

बाली स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान बड़ा हादसा, 1 श्रद्धालु की मौत और 2 गंभीर घायल

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे पश्चिम बर्दवान के श्रद्धालुओं के साथ बुधवार शाम बाली स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हावड़ा जाने वाली लोकल ट्रेन में चढ़ने के दौरान तीन श्रद्धालु फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप (अंतर) में जा गिरे। इस भीषण दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सुधांशु कुमार के रूप में हुई है।

बारिश और भारी भीड़ के कारण फिसला पैर

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बर्दवान जिले के सालानपुर से पांच दोस्तों का एक समूह दक्षिणेश्वर मंदिर में दर्शन करने आया था। पूजा-अर्चना के बाद सभी बाली स्टेशन से हावड़ा लोकल पकड़ रहे थे। उसी समय तेज बारिश हो रही थी और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। ट्रेन में चढ़ने की आपाधापी में तीन दोस्तों का संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच नीचे गिर पड़े, जिससे स्टेशन पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी, एक की हालत गंभीर

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और रेलवे पुलिस की मदद से घायलों—नरेश चंद्र गड़ाई और सुकुमार राम को गंभीर हालत में बेलूड़ स्टेट जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु को बेहतर इलाज के लिए हावड़ा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT