निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: बाली ब्रिज से जुड़ी सड़क पर आवाजाही को लेकर लंबे समय से परेशानी झेल रहे यात्रियों को आखिरकार कुछ राहत मिली है। दक्षिणेश्वर से बाली की ओर आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बाली ब्रिज से जोड़ने वाले कनेक्टिंग ब्रिज की स्वास्थ्य जांच पूरी हो गई है। इसके बाद रविवार से इस पुल को छोटे वाहनों और हल्के यातायात के लिए खोल दिया गया। हालांकि, पुल पर यातायात व्यवस्था में कुछ प्रतिबंध लागू किए गए हैं। नए नियम के अनुसार 3.5 टन से अधिक वजन वाले भारी वाहनों को इस पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही बसों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी।
यातायात के लिए रहेगा निवेदिता सेतु का इस्तेमाल
बसों और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर निवेदिता सेतु से होकर चलना होगा। दक्षिणेश्वर की ओर से बाली की दिशा में आने वाले छोटे वाहन और हल्के वाहन अब इस कनेक्टिंग ब्रिज का इस्तेमाल कर सकेंगे। पुल बंद रहने के दौरान खासकर कार्यालय आने-जाने के समय बाली और आसपास के इलाकों में यातायात दबाव बढ़ गया था। यात्रियों को लंबे समय तक जाम और अतिरिक्त दूरी की परेशानी झेलनी पड़ रही थी। पुल खुलने से रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिल रही। हालांकि, बस और भारी वाहनों को निवेदिता सेतु की ओर डायवर्ट किए जाने के कारण उस मार्ग पर यातायात दबाव पर भी नजर रखी जाएगी।