सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर 27 सितंबर को पश्चिम बंगाल के पर्यटन विभाग की ओर से टूरिज्म इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जाएगा। राज्य के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच सितारा होटल में आयोजित होने वाले इस समिट में पर्यटन क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने वाले उद्योगपति और निवेशक शामिल होंगे।
मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे दिग्गज निवेशकों को समिट में आमंत्रित किया जा रहा है, जो राज्य के पर्यटन क्षेत्र में निवेश करने में रुचि रखते हैं। समिट के दौरान यह भी रूपरेखा सामने रखी जाएगी कि कौन से निवेशक राज्य के किस क्षेत्र में और किस तरह निवेश करने की योजना बना रहे हैं। राज्य सरकार इसमें पूरी मदद करेगी। डॉ. घोष ने कहा कि पर्यटन को उद्योग के रूप में और मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। इंडस्ट्रियल पॉलिसी के तहत पर्यटन क्षेत्र को मिलने वाली सुविधाओं और प्रोत्साहनों की भी रूपरेखा रखी जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि औद्योगिक नीति से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों और भविष्य की योजनाओं की घोषणा आने वाले समय में मुख्यमंत्री की ओर से की जाएगी।
महालया से दशमी तक खास होगी पूजा की तैयारी
वहीं, दुर्गापूजा को लेकर भी पर्यटन विभाग ने विशेष तैयारी की है। मंत्री ने बताया कि महालया से दशमी तक के लिए एक खास रोडमैप तैयार किया गया है। इस रोडमैप के तहत राज्य में आने वाले पर्यटकों और पूजा देखने वालों के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसकी विस्तृत घोषणा जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा की जाने की बात कही गई है। गौरतलब है कि ईडन गार्डन्स में महालया के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ऐसे में इस वर्ष महालया से लेकर दशमी तक पश्चिम बंगाल में पर्यटन और दुर्गापूजा को जोड़कर विशेष आयोजन देखने को मिल सकते हैं। पर्यटन विभाग की कोशिश राज्य की पूजा संस्कृति को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने और इसी के साथ पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने की है।