टॉप न्यूज़

जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एपीडब्ल्यूडी ने निकाली जागरूकता रैली

मुख्य अभियंता टी.के. प्रिजिथ रेख ने हरी झंडी दिखाई

रैली का उद्देश्य पेयजल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : जल संरक्षण और पेयजल के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंडमान लोक निर्माण विभाग द्वारा 23 जनवरी को मुख्य अभियंता टी.के. प्रिजिथ रेख के नेतृत्व में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर से स्वयं मुख्य अभियंता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य अंडमान लोक निर्माण विभाग द्वारा तथा श्री विजयपुरम नगर परिषद द्वारा आपूर्ति किए जा रहे पेयजल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना था, विशेष रूप से वर्तमान जल उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए। रैली को रवाना करने से पूर्व प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्य अभियंता ने उत्तर-पूर्वी मानसून की भारी कमी और इसके कारण क्षेत्र में जल उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था पर पड़े प्रभाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम वर्षा के कारण मौजूदा जल संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है, जिससे जल संरक्षण के प्रयास और अधिक आवश्यक हो गए हैं। मुख्य अभियंता ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे जल संरक्षण के दूत बनें और उपभोक्ताओं को जल की बर्बादी कम करने के लिए जागरूक करें। उन्होंने पेयजल, भोजन पकाने, फ्लशिंग, स्नान तथा अन्य घरेलू कार्यों में जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि निर्धारित न्यूनतम पेयजल आपूर्ति मानक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अनुसार प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 से 100 लीटर के बीच है।

टी.के. प्रिजिथ रेख ने नागरिकों को घरों में स्व-जल ऑडिट अपनाने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि अनावश्यक खपत और जल अपव्यय की पहचान कर उसे कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में सतत जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और व्यवहार परिवर्तन अत्यंत आवश्यक है। अपने संबोधन के अंत में मुख्य अभियंता ने रैली को सफल बनाने में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में बाथूबस्ती क्षेत्र में भी पीएचईडी के कार्यकारी अभियंता के नेतृत्व में एक समान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

SCROLL FOR NEXT