File Picture  
टॉप न्यूज़

एसआईआर पर विशेष समिति बनाएगी टीएमसी

अभिषेक बनर्जी होंगे समिति प्रमुख

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) राज्य में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक विशेष समिति के गठन की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी इस समिति का नेतृत्व करेंगे। इस समिति का मुख्य उद्देश्य जिलों से प्राप्त रिपोर्ट की जांच करना होगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि एसआईआर से किसी भी व्यक्ति का नाम अनुचित तरीके से न हटाया गया हो।

सूत्रों के मुताबिक, बीते बुधवार को अभिषेक बनर्जी ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी से अहम बातचीत की। बैठक में मुख्यमंत्री ने समिति के गठन और उसके काम करने के तौर-तरीकों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह अपने निर्देशों और सलाह के माध्यम से इस पूरे ऑपरेशन के पीछे मुख्य व्यक्ति होंगी। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सार्वजनिक रूप से इस समिति की घोषणा कर सकती हैं।

साथ ही, राज्य के विभिन्न जिलों में उप-समितियों का भी गठन किया जा सकता है, जो स्थानीय स्तर पर रिपोर्टों की जांच करेंगी और एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी करेंगी। टीएमसी का मानना है कि यह पहल नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी है और पार्टी इस बात को सुनिश्चित करना चाहती है कि एसआईआर से किसी का भी नाम बिना किसी वैध कारण के न हटे। यह समिति राज्य में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT