ममता बनर्जी  
टॉप न्यूज़

हार, इस्तीफे और नाराजगी…अब डैमेज कंट्रोल में जुटीं ममता

टीएमसी सुप्रीमो ने रविवार को बुलायी इमरजेंसी बैठक

कोलकाता : विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। लगातार नेताओं, पार्षदों और संगठनात्मक पदाधिकारियों के इस्तीफों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। इसी पृष्ठभूमि में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आगामी 31 मई, रविवार को कालीघाट स्थित अपने आवास पर विधानसभा परिषदीय दल की अहम बैठक बुलायी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोपहर 3:30 बजे होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सहित सभी विधायक मौजूद रहेंगे। बैठक में विधानसभा में विपक्ष के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय, फिरहाद हकीम, जावेद खान समेत कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, चुनावी हार के बाद तृणमूल के भीतर नेतृत्व, संगठन और रणनीति को लेकर असंतोष बढ़ा है। कई नेता सार्वजनिक रूप से भ्रष्टाचार, गुटबाजी और संगठनात्मक निष्क्रियता पर सवाल उठा चुके हैं। हाल के दिनों में कुछ वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफों ने यह संकेत दिया है कि पार्टी के भीतर संवादहीनता की समस्या गहराती जा रही है।

अब नजर इस बात पर टिकी है कि संकट के इस दौर में ममता बनर्जी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को किस तरह का संदेश देती हैं और क्या यह बैठक तृणमूल के भीतर बढ़ते असंतोष की आग को शांत कर पाएगी।

SCROLL FOR NEXT