निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा के डोमजूर अंतर्गत निबरा इलाके में बुधवार की रात को 'उत्तेजित' जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। NH-16 के किनारे स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर स्थानीय लोगों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि भीड़ ने पहले कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और फिर उसमें आग लगा दी। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि यह पार्टी कार्यालय दरअसल जबरन वसूली (तोलाबाजी) और अवैध गतिविधियों का मुख्य अड्डा बन चुका था। लोगों के मुताबिक, इस क्लब-कम-पार्टी ऑफिस को किसी आलीशान होटल की तरह बनाया गया था, जहां बेड, सोफा और फ्रिज जैसी तमाम लग्जरी सुविधाएं मौजूद थीं।
मीटर बॉक्स इसी कार्यालय में रखने का दुकानदारों ने लगाया आरोप
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उनके बिजली के मीटर बॉक्स इसी कार्यालय में रखे गए थे और वास्तविक बिल से कहीं अधिक पैसे उनसे जबरन वसूले जाते थे। पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाती थीं। इलाके के लोगों का कहना है कि तृणमूल शासन के दौरान इस प्रताड़ना के खिलाफ कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी संचित आक्रोश के कारण बुधवार को भीड़ बेकाबू हो गई और पूरे दफ्तर को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना से पूरे डोमजूर इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।