सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा : उपप्रधान समेत 10 तृणमूल सदस्यों ने दिया इस्तीफा

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के श्यामपुर-2 ब्लॉक स्थित आमड़दह ग्राम पंचायत में बड़ा राजनीतिक संकट गहरा गया है। ग्राम पंचायत प्रधान मौसुमी माईती की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को उपप्रधान समेत तृणमूल कांग्रेस के 10 सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही 23 सदस्यीय यह ग्राम पंचायत बोर्ड अब पूरी तरह से टूटने के कगार पर पहुंच गया है।

भाजपा के प्रदर्शन के बाद पुलिस कार्रवाई

घटनाक्रम की शुरुआत बुधवार को हुई, जब प्रधान मौसुमी माईती के घर के बाहर भाजपा समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची श्यामपुर थाना पुलिस प्रधान और उनके पति मानस माईती को थाने ले गई। बाद में स्थानीय भाजपा नेता सुरजीत मंडल की शिकायत पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। शिकायत में प्रधान पर भ्रष्टाचार, स्वजनपक्षपात और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

बाकी सदस्यों के भी इस्तीफे के आसार

23 सदस्यों वाली इस ग्राम पंचायत में तृणमूल के 20, भाजपा के 2 और माकपा का 1 सदस्य था, जबकि तृणमूल के एक सदस्य का पूर्व में निधन हो चुका है। तृणमूल सदस्यों का आरोप है कि प्रधान को झूठे मामले में फंसाया गया है। इस्तीफा देने वाले सदस्यों का दावा है कि विरोध दर्ज कराने के लिए यह कदम उठाया गया है और जल्द ही तृणमूल के शेष 9 सदस्य भी अपने पदों से त्यागपत्र दे सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT