कोलकाता : अपने निर्वाचन क्षेत्र में कथित हमले के बाद तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने 3 सितंबर को शाह को पत्र लिखकर संसदीय दायित्वों के निर्वहन के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
पत्र में सौगत राय ने 18 अगस्त की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक में जाते समय करीब 50 लोगों के समूह ने उनकी गाड़ी घेर ली। आरोप है कि समूह ने उनके खिलाफ अभद्र नारे लगाए और उन पर हमला करने का प्रयास किया। उनसे एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने की मांग भी की गयी।
सौगत राय ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक अरिजीत बक्सी और सौरव सिकदर ने बैठक के दौरान उक्त समूह का कथित तौर पर बचाव किया और उन्हें बोलने नहीं दिया। लौटते समय भी हमले का प्रयास हुआ। स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के हस्तक्षेप से उन्हें बचाया गया।
सांसद के मुताबिक, घटना को लेकर एनएससीबीआई थाने में एफआईआर दर्ज है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का भी अनुरोध किया है।