सांसद की गाड़ी का घेराव कर क्षोभ जताते लोग  
टॉप न्यूज़

अपने ही संसदीय क्षेत्र में सौगत राय को करना पड़ा विरोध का सामना !

कॉन्वॉय पर फेंके गए अंडे, लगे चोर-चोर के नारे

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

निमता : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय को गुरुवार को अपने ही संसदीय क्षेत्र में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। दमदम लोकसभा क्षेत्र के निमता थाना के सामने प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेरकर “चोर-चोर” के नारे लगाए। इस दौरान उनकी ओर अंडे भी फेंके गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक मामले में पुलिस द्वारा कुछ तृणमूल कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें छुड़ाने के लिए सांसद सौगत राय गुरुवार को निमता थाने पहुंचे थे। उनके थाने पहुंचने की खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। जब सांसद थाने से बाहर निकले, तभी प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया और सांसद को सुरक्षित वाहन तक पहुंचाया।

सौगत राय ने जतायी नाराजगी और प्रदर्शनकारियों से पूछे सवाल

बताया जा रहा है कि विरोध के दौरान सौगत राय ने भी नाराजगी जताई और प्रदर्शनकारियों से पूछा कि आखिर किस आधार पर उन्हें “चोर” कहा जा रहा है। तृणमूल नेतृत्व ने इस घटना के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा नेता देवजीत सरकार ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन से उनकी पार्टी का कोई संबंध नहीं है। गौरतलब है कि जिस दमदम उत्तर विधानसभा क्षेत्र में यह घटना हुई, वहां हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सौरभ सिकदर ने तृणमूल की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य को हराकर जीत दर्ज की है।

SCROLL FOR NEXT