सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

तृणमूल के बहुमत के बावजूद हावड़ा के पंचायत में भाजपा का प्रधान निर्वाचित !

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : उलुबेड़िया दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की धानदालि ग्राम पंचायत में एक अनोखा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। पंचायत में कुल 22 सदस्य हैं, जिनमें तृणमूल कांग्रेस के 20 और भाजपा के केवल 2 सदस्य हैं। इसके बावजूद, तृणमूल सदस्यों के समर्थन से भाजपा की अष्टमी मन्ना को नया पंचायत प्रधान चुना गया है। अगले सप्ताह भाजपा के ही प्रतापचंद्र दास को उपप्रधान चुने जाने की संभावना है। इससे पूर्व, तृणमूल के ही एक धड़े और भाजपा सदस्यों ने मिलकर पूर्व प्रधान लाबणी मण्डल और उपप्रधान सुभाष मण्डल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उन्हें पद से हटा दिया था। तृणमूल सदस्यों का आरोप था कि विधानसभा चुनाव के बाद से दोनों अधिकारियों ने पंचायत आना बंद कर दिया था, जिससे आम जनता को सेवाएं नहीं मिल पा रही थीं।

पंचायत में सरकारी प्रशासक की नियुक्ति से बचने के लिए तृणमूल सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया। तृणमूल के सहयोग से नया बोर्ड बनते ही भाजपा के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। उलुबेड़िया दक्षिण क्षेत्र 2 नंबर मंडल के भाजपा सचिव प्रबीर सेनापति ने आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष तापस सरदार ने पार्टी के आदेशों का उल्लंघन करते हुए तृणमूल के साथ मिलकर यह बोर्ड गठित किया है। मामले की शिकायत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और जिला अध्यक्ष से की गई है। भाजपा हावड़ा ग्रामीण जिला अध्यक्ष देबाशिस सामंत ने इसे पार्टी विरोधी कदम करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

SCROLL FOR NEXT