सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा के पांचला में तृणमूल नेता से मारपीट

ग्रामीणों ने अंडे फेंके; पुलिस ने हिरासत में लिया

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के पांचला अंतर्गत मल्लिक बागान दिघीरपाड़ इलाके में बुधवार को भारी तनाव फैल गया। स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल नेता दुर्गापद धड़ा को घेरकर उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने नेता पर अंडे भी फेंके। सूचना मिलते ही पांचला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्गापद को अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

कटमनी और तालाबों पर अवैध कब्जे के गंभीर आरोप

स्थानीय लोगों का दावा है कि दुर्गापद धड़ा क्षेत्र में स्थानीय विधायक का करीबी बनकर काम करता था। उस पर आवास योजना, 100 दिन काम योजना में कटमनी (कमीशन) लेने और जमीनों व तालाबों पर जबरन अवैध कब्जा करने के आरोप हैं। हाल ही में 'गणेश कॉम्प्लेक्स' के जलभराव को निकालने के लिए गांव की सड़क काटने को लेकर विवाद और गहरा गया था। बुधवार को जब भाजपा नेता व ग्रामीण निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो वहां मौजूद दुर्गापद को देखकर भीड़ भड़क गई।

राजनीतिक साजिश का दावा, पुलिस जांच में जुटी

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के दबाव के कारण पुलिस अब तक आरोपी नेता पर कार्रवाई नहीं कर रही थी। उन्होंने तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, दुर्गापद धड़ा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक साजिश करार दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT