निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : डोमजुड़ इलाके में एक बार फिर पुलिस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। दो दिन पहले पंचायत समिति के शिक्षा कार्याध्यक्ष जॉयदीप बर्मन की गिरफ्तारी के बाद अब दक्षिण बाँशपुड़ा क्षेत्र के तृणमूल नेता कौशिक गंगोपाध्याय और उनके एक सहयोगी ललित शेख को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि पुराने आरोपों के आधार पर देर रात डोमजुड़ थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर दोनों को हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कौशिक गंगोपाध्याय दक्षिण बाँशपुड़ा अंचल के तृणमूल अध्यक्ष हैं। उन्हें उनके घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि ललित शेख को शेखपाड़ा इलाके से पकड़ा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ललित लंबे समय से मिट्टी के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।
थाने के बाहर लगा ‘चोर-चोर’ का नारा
आरोपियों को अदालत ले जाने के लिए थाने से बाहर निकाला गया, तब थाने के सामने बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और “चोर-चोर” के नारे लगाए। लोगों का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से वसूली, ऑटो स्टैंड नियंत्रण, जबरन दुकानें बसाने, धमकी देने और इलाके में दबदबा कायम करने जैसी शिकायतें थीं। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे न देने पर ऑटो चलाने नहीं दिया जाता था। घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। स्थानीय भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि क्षेत्र में लंबे समय से चल रही कथित अनियमितताओं के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जांच की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।