सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

जेल से लौटे पूर्व तृणमूल पार्षद के घर व कार्यालय में तोड़फोड़

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : जेल से जमानत पर रिहा होकर घर लौटे तृणमूल कांग्रेस नेता और बारासात नगरपालिका पूर्व सीआईसी अरुण भौमिक के घर और पार्टी कार्यालय में सोमवार की रात तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार अरुण भौमिक 77 दिनों तक जेल में थे और हाल में अदालत से जमानत मिलने के बाद घर लौटे थे।

उनका आरोप है कि रात में बड़ी संख्या में लोग उनके घर के पास पहुंचे। घर से सटे पार्टी कार्यालय में पहले कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई। इसके बाद उनके घर की कई खिड़कियों के शीशे तोड़े गए। सामने लगे शेड और अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप है। हमलावरों ने परिसर में घुसकर एक हिस्से को क्षतिग्रस्त करने के साथ पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचाया।

रात में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मचा हड़कंप

घटना के समय अरुण भौमिक घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी नंदिता भौमिक और एक रिश्तेदार घर में थीं। तोड़फोड़ के दौरान दोनों के बीच डर का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इलाके में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

हमले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए हैं। नंदिता भौमिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। वहीं बारासात के विधायक शंकर चट्टोपाध्याय ने इस आरोप से इनकार किया है। उनका दावा है कि घटना में भाजपा का कोई संबंध नहीं है और तृणमूल के ही एक वर्ग ने अरुण भौमिक के खिलाफ नाराजगी के चलते तोड़फोड़ की। उन्होंने अरुण के खिलाफ वसूली के आरोपों को लेकर पार्टी के एक वर्ग में असंतोष होने की बात भी कही।

SCROLL FOR NEXT