नोआपाड़ा में साइकिल पर जनसंपर्क अभियान चलाते तृणमूल उम्मीदवार तृणांकुर भट्टाचार्य  
टॉप न्यूज़

साइकिल पर सवार होकर जनता के बीच पहुंचे तृणांकुर भट्टाचार्य

जनसंपर्क का दिखा अनोखा अंदाज

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और टीएमसी छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष तृणांकुर भट्टाचार्य ने एक बेहद सादगीपूर्ण और प्रभावी जनसंपर्क अभियान चलाया। शनिवार को उन्होंने उत्तर बैरकपुर नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में साइकिल चलाकर मतदाताओं तक अपनी पहुँच बनाई।

तृणांकुर भट्टाचार्य की यह साइकिल यात्रा उत्तर बैरकपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 14 से शुरू हुई, जो बादामतला के वार्ड नंबर 12, 13 और 7 से होते हुए वार्ड नंबर 8 तक पहुँची। इस दौरान उन्होंने किसी बड़े काफिले के बजाय साइकिल को प्राथमिकता दी, ताकि वे गलियों के भीतर जाकर आम लोगों से सीधा संवाद कर सकें। रास्ते में उन्होंने कई जगह रुककर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना।

स्थानीय निवासियों में काफी उत्साह देखा गया

साइकिल पर सवार अपने प्रार्थी को देखकर स्थानीय निवासियों में काफी उत्साह देखा गया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक युवा नेता का इस तरह सादगी से उनके बीच आना जमीनी जुड़ाव को दर्शाता है। इस अभियान में स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और 'मा-माटी-मानुष' के नारों से माहौल को चुनावी रंग में सराबोर कर दिया।

तृणांकुर ने इस दौरान कहा कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि हर नागरिक की आवाज़ बनना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नोआपाड़ा की जनता विकास और ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए तृणमूल को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

SCROLL FOR NEXT