निधि, सन्मार्ग संवाददाता
टीटागढ़ : टीटागढ़ थाना पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को अमल सूत्रधार के घर हुई चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुभदीप मैत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की कस्टडी के दौरान चोरी किए गए पूरे 38 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। इनमें एक सोने का हार, चार चूड़ियां, दो जोड़ी बालियां और सोने के पांच टुकड़े शामिल हैं। पुलिस अब चोरी गई 40 हजार रुपये की नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।
लालकुठी कांड में अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, कैनिंग व रहड़ा से आरोपी अरेस्ट
दूसरे मामले में, टीटागढ़ थाना क्षेत्र के लालकुठी भट्टाचार्य पाड़ा में 24 जुलाई को हुई चोरी की गुत्थी भी सुलझा ली गई है। पुलिस ने सानू एसके (20, रहड़ा) और सहादत लस्कर उर्फ सागर (22, कैनिंग) को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर सोने की चेन, नोजपिन, तीन अंगूठियां, चार जोड़ी बालियां तथा चांदी की नूपुर व कमरबिछा बरामद किए गए हैं। टीटागढ़ पुलिस की इस दोहरी सफलता से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।