टीटागढ़ में जूट मिल गेट पर प्रदर्शन करते श्रमिक 
टॉप न्यूज़

टीटागढ़ में मिल गेट पर मजदूरों ने किया प्रदर्शन !

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

टीटागढ़ : टीटागढ़ की लूमटेक्स जूट मिल को पूरी क्षमता के साथ चालू करने की मांग को लेकर शनिवार को मजदूरों ने मिल के मुख्य गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मजदूरों ने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन ने श्रमिकों से किए गए वादे पूरे नहीं किए और केवल कागजों पर मिल को चालू दिखाया जा रहा है। उनका कहना है कि राज्य श्रम विभाग में मिल मालिक, श्रमिक यूनियनों, बैरकपुर के विधायक कौस्तव बागची और श्रम मंत्री की मौजूदगी में हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि 9 जुलाई से रखरखाव का कार्य शुरू होगा और 16 जुलाई से मिल पूरी तरह चालू कर दी जाएगी। बाद में नोटिस जारी कर 18 जुलाई को संचालन शुरू करने की बात कही गई, लेकिन तय समय पर उत्पादन शुरू नहीं हुआ।

इसके बाद 21 जुलाई को भी केवल करीब दो प्रतिशत श्रमिकों को लेकर सीमित स्तर पर काम शुरू किया गया। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि अधिकांश श्रमिकों को अब तक काम नहीं मिला है। वहीं मिल प्रबंधन के अधिकारी जे.के. शुक्ला ने बताया कि प्रबंधन भी जल्द से जल्द मिल को पूरी क्षमता के साथ चलाने के प्रयास में है। इस ओर फिलहाल 6 विभाग चालू भी कर दिये गये हैं, सिर्फ दो विभाग चालू किये जाने हैं जहां फिलहाल मरम्मत का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य जरूरी है अतः इसे सभी को ध्यान में रखना होगा।

SCROLL FOR NEXT