टीटागढ़ में इलाके में परिस्थिति का जायजा लेते विधायक कौस्तभ बागची 
टॉप न्यूज़

टीटागढ़ : 20 से अधिक लोग पीलिया संक्रमित, विधायक ने मेडिकल टीम के साथ किया दौरा

दूषित पानी की आशंका के बीच लैब में भेजे गए सैंपल

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

टीटागढ़ : पश्चिम बंगाल के टीटागढ़ नगरपालिका के वार्ड नंबर 1 के अंतर्गत केल्विन और एंपायर जूट मिल लाइन इलाके में पिछले कुछ दिनों से पीलिया (जोंडिस) का प्रकोप तेजी से फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर बीमारी की चपेट में अब तक 20 से 22 लोग आ चुके हैं, जिनमें छोटे बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को बैरकपुर के विधायक कौस्तव बागची और विशाल जायसवाल ने एक विशेष मेडिकल टीम के साथ प्रभावित इलाके का दौरा किया। उन्होंने घर-घर जाकर पीड़ितों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। विधायक ने बताया कि संक्रमण के असली कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय पेयजल के सैंपल को तुरंत प्रयोगशाला (लैब) में जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह समस्या किसी पाइपलाइन के लीकेज के कारण हुई है या बाहर से लाए गए दूषित पानी के सेवन से।

विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन और मुफ्त चिकित्सीय सेवाएं

प्रभावित इलाके के लोगों को त्वरित राहत और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। विधायक कौस्तव बागची ने आश्वासन दिया है कि मेडिकल टीम ने युद्ध स्तर पर अपना काम शुरू कर दिया है और क्षेत्र में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर (मेडिकल कैंप) लगाया गया है। इस शिविर में मरीजों की मुफ्त जांच की जा रही है, उन्हें आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं और ब्लड टेस्ट जैसी सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि इस प्रकोप को जल्द से जल्द पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।

SCROLL FOR NEXT