निधि, सन्मार्ग संवाददाता
टीटागढ़ : उत्तर 24 परगना जिले की टीटागढ़ नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड के दिवंगत पार्षद सुरेश प्रसाद के छोटे भाई और व्यवसायी भोला प्रसाद (52) ने मंगलवार को गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। यह दुखद घटना उनके छह नंबर गुड्स शेड रोड स्थित आवास पर घटी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कमरे का दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा गया शव
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह भोला प्रसाद रोजाना की तरह उठे थे। मालिश कराने और चाय पीने के बाद वह अपने कमरे में गए और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों को संदेह हुआ। बार-बार आवाज देने पर भी जवाब न मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां वे फंदे से लटके पाए गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बड़े भाई के निधन के बाद से शोक में था परिवार
उल्लेखनीय है कि कुछ महीनों पहले ही उनके बड़े भाई और टीटागढ़ के तत्कालीन पार्षद सुरेश प्रसाद का बीमारी के कारण निधन हुआ था। भाई के जाने के गम से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।