निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर: पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरने के लिए भाजपा ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को बैरकपुर के तालपुकुर मोड़ से टीटागढ़ एम्पयार मिल तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने "खाली बदन और हाथों में खाली थाली" लेकर विशाल विरोध मार्च निकाला। इस प्रदर्शन के जरिए युवाओं ने राज्य में रोजगार की कमी और बेरोजगारी की गंभीर स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता कौस्तुभ बागची ने राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज बंगाल के युवाओं के पास नौकरी नहीं है, लेकिन सरकार 'मेला और खेला' में व्यस्त है। बेरोजगारी भत्ता देने के नाम पर युवक-युवतियों का अपमान किया जा रहा है। शिक्षित युवा आज दर-दर भटकने को मजबूर हैं। जब तक युवाओं को सम्मानजनक रोजगार नहीं मिलता, हमारा यह आंदोलन जारी रहेगा।"
इस विरोध मार्च में भाजपा नेता विशाल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य के जूट मिलों की हालत खस्ता है और नए उद्योग लग नहीं रहे हैं, जिससे बेरोजगारी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। खाली थालियां पीटकर कार्यकर्ताओं ने सरकार को नींद से जगाने की कोशिश की। इस कार्यक्रम के दौरान बैरकपुर-टीटागढ़ अंचल में काफी गहमागहमी देखी गई।