निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के टिकियापाड़ा बाईपास इलाके में मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए रेलवे की जमीन पर बनी झोपड़ियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के लिए दो बुलडोजर लगाए गए थे। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तथा केंद्रीय बल के जवान तैनात किए गए थे।
जानकारी के अनुसार, रेलवे की जमीन पर लंबे समय से सौ से अधिक परिवार झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। यह इलाका दक्षिण पूर्व रेलवे के टिकियापाड़ा और हावड़ा स्टेशन के बीच रेल लाइन के किनारे स्थित है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि झोपड़ियों के कारण रेल लाइन के पास स्थित बड़े नालों की नियमित सफाई नहीं हो पाती थी। हर वर्ष मानसून के दौरान जल निकासी बाधित होने से रेल ट्रैक और आसपास की सड़कों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी, जिससे ट्रेन परिचालन भी प्रभावित होता था।रेलवे प्रशासन का उद्देश्य नालों की सफाई कर बारिश के मौसम में रेल ट्रैक पर पानी जमा होने से रोकना है।
अवैध झोपड़ियों को किया गया ध्वस्त
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी उत्पन्न हुई, लेकिन पुलिस और सुरक्षा बलों ने हालात को नियंत्रित कर लिया।
वहीं, प्रभावित झोपड़ीवासियों का कहना है कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और अब उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में हॉकर्स हटाने, शालीमार के कोयला डिपो इलाके में अवैध कब्जे हटाने तथा नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए भी बुलडोजर अभियान चलाया गया है।