उत्तर बंगाल में पूरे सप्ताह गीला रहेगा मौसम
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : फाल्गुन के अंतिम दौर में पश्चिम बंगाल का मौसम एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। शनिवार दोपहर को कोलकाता और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि अगले सप्ताह उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इससे तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है।
कई जिलों में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार यानी आज और कल कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि इन जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
10 जिलों में जारी हुई मौसम की चेतावनी
दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम, बांकुरा, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नादिया जिलों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
उत्तर बंगाल में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल में भी पूरे सप्ताह गरज के साथ बारिश होती रह सकती है। शनिवार तक लगभग सभी जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार से मंगलवार तक दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में विशेष चेतावनी जारी की गई है, जबकि अलीपुरद्वार और कूचबिहार में सोमवार से बुधवार तक मौसम को लेकर अलर्ट रहेगा।