सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

अवैध रूप से बांग्लादेश जाने की फिराक में तीन महिलाएं गिरफ्तार

रानाघाट बॉर्डर पर 59वीं बटालियन का एक्शन; पकड़ी गई महिलाएं बांग्लादेश की निवासी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

उत्तर 24 परगना: भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की मुस्तैदी के कारण घुसपैठ और तस्करी की कोशिशें लगातार नाकाम हो रही हैं। ताजा घटना उत्तर 24 परगना जिले के बागदा थाना अंतर्गत रणघाट सीमा की है, जहाँ अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रही तीन महिलाओं को बीएसएफ जवानों ने धर दबोचा।

बीएसएफ ने बिछाया जाल

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को रणघाट सीमा क्षेत्र में 59वीं बटालियन के जवान गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें तीन महिलाओं की संदिग्ध हरकतें दिखाई दीं। वे चोरी-छिपे सीमा की कटीली तारों की ओर बढ़ने का प्रयास कर रही थीं। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे और वे अवैध रूप से भारत से बांग्लादेश जाने की फिराक में थीं।

पुलिस को सौंपा गया

हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान सविता शेख (38), रीना अख्तर (40) और मनीषा अख्तर (22) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि ये तीनों बांग्लादेश की ही मूल निवासी हैं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बीएसएफ ने उन्हें स्थानीय बागदा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुई थीं और इस अवैध यात्रा में उनका मददगार कौन था।

SCROLL FOR NEXT