निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के आमता अंतर्गत उत्तर खड़ियाप गांव के पास दामोदर नदी में नहाने गये तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। हावड़ा की जिला मजिस्ट्रेट दीपाप प्रिया पी. ने स्थानीय विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मृतकों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और आपदा प्रबंधन कोष से प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपये का चेक सौंपा।
पीड़ित परिवार ने की यह शिकायत
मृतक शौभिक चक्रवर्ती की मां मौमिता चक्रवर्ती ने जिलाधिकारी के सामने कहा कि दामोदर नदी से लगातार हो रहे अवैध बालू खनन के कारण नदी में जगह-जगह खतरनाक और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसी वजह से यह हादसा हुआ है। उन्होंने नदी से अवैध बालू उठाव को तुरंत बंद करने की मांग की ताकि किसी और मां की गोद सूनी न हो। आमता के विधायक अमित सामंत ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।