निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा के बेलूड़ (खामार पाड़ा) इलाके से अचानक लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के झांसी से सुरक्षित बरामद कर लिया है। कल दोपहर करीब 1:00 बजे से तीनों सहेलियां रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थीं। परिजनों द्वारा बेलूड़ थाने में तीन अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराने के बाद, बेलूड़ थाना पुलिस और हावड़ा सिटी पुलिस के खुफिया विभाग (डीडी) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की थी।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि खामार पाड़ा इलाके में एक बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। लड़कियों के लापता होने के बाद से वहां काम करने वाले कुछ ठेका कर्मचारी भी गायब थे। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद यह अंदेशा जताया था कि इस घटना के पीछे उन कर्मचारियों का हाथ हो सकता है।
फिलहाल तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित घर वापस ले आया गया है। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि लापता लड़कियों में से एक की नानी का घर झांसी में है। अनुमान है कि वह किसी कारणवश वहां जा रही थी और उसकी बाकी दोनों सहेलियां भी उसके साथ चली गईं। हालांकि, वे झांसी कैसे पहुंचीं और क्या इस मामले में किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ या कोई साजिश है, पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है।