टॉप न्यूज़

मणिपुर के इंफाल में गिरफ्तार किये गए तीन उग्रवादी

यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट से जुड़े हुए थे यह उग्रवादी

इंफाल : सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक अन्य अभियान में, टेंग्नौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास तीन आग्नेयास्त्र और बम बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) के दो उग्रवादियों को जबरन वसूली गतिविधियों में उनकी कथित संलिप्तता के लिए शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले के उरीपोक खोइसनम लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के सेकमई में भी किराए के एक घर से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया।

उसने बताया कि एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने गुरुवार को टेंग्नौपाल जिले के टी मिनौ गांव के पास दो व्यक्तियों से एक एके 56 राइफल और एक इंसास राइफल, 6 आईईडी और 2 हथगोले सहित तीन अत्याधुनिक आग्नेयास्त्र बरामद किए। मणिपुर में दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल तलाशी अभियान चला रहे हैं।

मई 2023 से मेइती और कुकी-ज़ो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। राज्य विधानसभा, जिसका कार्यकाल 2027 तक है, को निलंबित कर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT