टॉप न्यूज़

डॉ. आर.पी. अस्पताल में एक दिन में तीन उच्च जोखिम वाली आपात सर्जरी

आपात सर्जरी से मां और शिशु की जान बची

समय पर ऑपरेशन से टली बड़ी अनहोनी

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : डॉ. आर.पी. अस्पताल, मायाबंदर की ऑपरेशन थियेटर (ओटी) टीम ने कल लगातार आपात सर्जरी की श्रृंखला को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए गंभीर मातृ मामलों के प्रबंधन में तत्परता और समर्पित टीमवर्क का परिचय दिया। पहला मामला डिगलीपुर से रेफर की गई एक गर्भवती महिला का था, जिसके लिए आपातकालीन लोअर सेगमेंट सीजेरियन सेक्शन (एलएससीएस) किया गया। महिला 39 सप्ताह की गर्भवती थी और ओलिगोहाइड्राम्नियोस अर्थात अम्नियोटिक द्रव की कमी से पीड़ित थी। समय पर की गई शल्य चिकित्सा से शिशु का सुरक्षित जन्म सुनिश्चित हुआ और मां की स्थिति स्थिर की गई। दूसरा मामला एक प्रथमगर्भा महिला का था, जिसमें पीपीआरओएम (प्रीटर्म प्रीमेच्योर रप्चर ऑफ मेम्ब्रेन) के साथ फुटलिंग ब्रीच प्रस्तुति तथा सेप्सिस की जटिलता थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल आपात शल्य प्रबंधन किया, जिससे मां और नवजात में संभावित जटिलताओं को रोका जा सका।

तीसरा मामला रंगत सीएचसी से रेफर की गई 7 सप्ताह की एक्टोपिक प्रेग्नेंसी का था, जिसके लिए आपात लैप्रोटॉमी की गई। मरीज की स्थिति अत्यंत गंभीर थी और त्वरित शल्य हस्तक्षेप कर उसकी जान बचाई गई। ओटी टीम का नेतृत्व स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी सी.के. तथा एनेस्थेटिस्ट डॉ. होसन्ना शेरोन ने किया, जिन्होंने बिना किसी व्यवधान के तीन उच्च जोखिम वाले मामलों का सफल प्रबंधन किया। तीनों सर्जरियां सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जिससे डॉ. आर.पी. अस्पताल, मायाबंदर की ओटी टीम की तैयारी और दक्षता उजागर हुई। अस्पताल प्रशासन ने इन जानलेवा आपात स्थितियों के प्रबंधन में चिकित्सा एवं सहायक स्टाफ की समर्पण भावना और समन्वित प्रयासों की सराहना की तथा उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

SCROLL FOR NEXT