सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

फर्जी लॉटरी टिकट बेचने के आरोप में तीन गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : उलूबेड़िया के श्यामपुर थाना क्षेत्र में एक नामी लॉटरी कंपनी के नाम पर फर्जी टिकट छापकर बेचने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो लॉटरी टिकट विक्रेता और एक दुकान कर्मचारी शामिल हैं। आरोपियों की पहचान लाल्टू अधिकारी, अरूप मंडल और विश्वजीत पाड़ुई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से आरोपी एक प्रसिद्ध लॉटरी कंपनी के नाम से नकली टिकट छापकर बाजार में बेच रहे थे। इससे इलाके के अधिकृत लॉटरी डीलरों की बिक्री प्रभावित होने लगी। जब डीलरों ने मामले की जांच की तो कई टिकटों के फर्जी होने का खुलासा हुआ।

अभियुक्तों में दो विक्रेता और एक कर्मचारी शामिल

इसके बाद श्यामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि जिन टिकटों की बिक्री की जा रही थी, उनमें उसी नामी कंपनी के कई नकली टिकट शामिल थे। हालांकि, आरोपियों का दावा है कि वे विभिन्न एजेंसियों से लॉटरी टिकट खरीदकर बेचते हैं और उनके लिए यह पहचानना संभव नहीं था कि कौन-सा टिकट असली है और कौन-सा नकली। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि नकली टिकट कहां छापे गए, इनके पीछे कौन लोग हैं और क्या इस गिरोह से अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी टिकटों के जरिए कितने लोगों को नुकसान पहुंचा है और इस पूरे नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।

SCROLL FOR NEXT