महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके को पांच IPL ट्रॉफी जिताई है। 
टॉप न्यूज़

धोनी का IPL में यह अंतिम सत्र-किसने कहा यह?

महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में अब तक 278 मैच खेले हैं और 5,439 रन बनाए हैं। पिछले सत्र में उन्हें केवल डेथ ओवरों में ही बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था।

नई दिल्लीः भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना ​​है कि आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में यह अंतिम सत्र हो सकता है। जैसे-जैसे 2026 का IPL करीब आ रहा है, धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं।

सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को लेकर अपनी टीम से जुड़ा है जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी इस बार खेल के मैदान पर कम दिखेंगे और वह मेंटोर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभा सकते हैं।

इरफान ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘‘धोनी के बिना सीएसके की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। हो सकता है कि इस सत्र में हम उन्हें आखिरी बार पीली जर्सी में देखें। लेकिन उनके बिना सीएसके और IPL की कल्पना करना मुश्किल है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘IPL शुरू होने के साथ ही हम धोनी को फिर से खेलते हुए देखने लगते हैं। इसका मतलब है कि वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं और वह काफी फिट भी दिख रहे हैं।’’

ट्रेनिंग सेशन में शामिल हुए धोनी

यह 44 वर्षीय खिलाड़ी इस महीने की शुरुआत में चेन्नई में सीएसके शिविर में शामिल हो चुका है और कप्तान रितुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली टीम के साथ अभ्यास कर रहा है। पठान ने कहा कि धोनी की भूमिका टीम का मार्गदर्शन करने और अगली पीढ़ी के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘इस सत्र में धोनी सबको एकजुट करने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुझे नहीं पता कि वो कितने मैच खेलेंगे। लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से काफी मदद मिलेगी।‘‘

जीतकर शानदार विदाई देने की कोशिश

पठान ने कहा, ‘‘इससे संजू को फायदा होगा क्योंकि वह भी नेतृत्व समूह का हिस्सा होंगे। रितुराज गायकवाड़ कप्तान हैं। लेकिन इसके लिए दो या तीन खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। यहीं पर धोनी की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। मुझे उम्मीद है कि वह कुछ अंतर पैदा करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी फिटनेस, बल्लेबाजी क्रम और क्या वे सभी मैच खेलेंगे, जैसे सवाल अब भी उठते रहेंगे।

सीएसके का टीम प्रबंधन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा। वे निश्चित रूप से छठी IPL ट्रॉफी जीतकर उन्हें शानदार विदाई देने की कोशिश करेंगे।’’ धोनी ने आईपीएल में अब तक 278 मैच खेले हैं और 5,439 रन बनाए हैं। पिछले सत्र में उन्हें केवल डेथ ओवरों में ही बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था। उन्होंने तब 13 पारियों में 196 रन बनाए थे।

राजस्थान को लेकर संजय बांगड़ संशय में

सीएसके ने रविंद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स को देकर उनकी जगह संजू सैमसन को अपनी टीम से जोड़ा था। राजस्थान रॉयल्स की टीम में जोस बटलर भी नहीं हैं।

इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ का मानना ​​है कि दो स्थापित बल्लेबाजों के जाने के बाद राजस्थान के युवा खिलाड़ियों को अब जिम्मेदारी संभालनी होगी। बांगड़ ने कहा, ‘‘पहले उन्होंने जोस बटलर को जाने दिया और अब संजू सैमसन भी टीम में नहीं हैं। टीम के युवा बल्लेबाजों को ही अब आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालनी होगी।’’

सनराइजर्स के लिए मुश्किल समय

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने कहा कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना चुनौती होगी और इसके अलावा उसके कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर भी संशय बना हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘सनराइजर्स हैदराबाद को शुरू में कुछ मुश्किल मैच खेलने होंगे। यह कहना मुश्किल है कि पैट कमिंस पूरी तरह से खेलने के लिए उपलब्ध हैं या नहीं। उन्होंने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है, इसलिए इसका इंतजार करना होगा क्योंकि वह टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी रहे हैं।’’ सनराइजर्स अपना पहला मैच 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद उसका सामना दो अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और पांच अप्रैल को लखनऊ सुपर जॉइंट्स से होगा।

SCROLL FOR NEXT