सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उसकी भूमिका की सराहना की। साथ ही मीडिया से ‘नेशन फर्स्ट’ की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकार राज्य सरकार, उनकी पार्टी की आलोचना करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं, सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठाना मीडिया का अधिकार है लेकिन देश और राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते समय जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचय देना चाहिए। राज्य सचिवालय नवान्न में पत्रकारों के लिए पेंशन योजना में बढ़ोत्तरी और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संविधान ने दी है, लेकिन इसका इस्तेमाल करते समय राष्ट्रहित और धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी जरूरी है। देशप्रेम सबसे पहले है। ऐसी किसी भाषा या शब्द का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, जिससे देश कमजोर हो या किसी की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचे। सरकार भी ऐसा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर पत्रकारों को तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग करनी चाहिए।
‘4 महीने में किसी धार्मिक आयोजन में नहीं डाली गई बाधा’
सीएम ने अपने चार महीने के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान राज्य में कई धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम आयोजित हुए, लेकिन किसी भी धर्म या समुदाय को अपनी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों का पालन करने से नहीं रोका गया। सीएम ने कहा कि कोई यह नहीं कह सकता कि किसी को कोई बाधा पहुंचाई गई। इसलिए आप लोगों से भी कहूंगा कि देशप्रेम या धार्मिक आस्था पर आघात न पहुंचे।
पत्रकारों का पेंशन हुआ डबल, 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवरेज
मंगलवार को नवान्न में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पत्रकारों की पेंशन को 2,500 रुपये से बढ़ाकर दोगुना यानी 5,000 रुपये प्रति माह करने की औपचारिक शुरुआत की गई। यह बढ़ी हुई पेंशन 1 सितंबर 2026 से प्रभावी हो गई। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कई रिटायर्ड पत्रकारों के हाथों में पेंशन स्कीम का लाभ चेक सौंपा। इसी के साथ पत्रकारों और उनके परिवार को देशभर में 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के कार्ड वितरण की भी शुरुआत की। सचिवालय से सीएम ने कई पत्रकारों के हाथों से हेल्थ कार्ड सौंपा।