सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

लिलुआ के लोहे के कारखाने में चोरी की कोशिश, 3 पकड़ाये

बंद फैक्ट्री की दीवार तोड़कर घुसे थे चोर

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के लिलुआ इलाके में बुधवार की सुबह एक बंद लोहे के कारखाने में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। आरोप है कि तीन युवक कारखाने की पिछली दीवार तोड़कर परिसर में घुस गए और वहां रखा सामान लेकर फरार होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कारखाने के कर्मचारियों और आसपास के लोगों की नजर उन पर पड़ गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को घेरकर पकड़ लिया। आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने उन्हें रस्सी से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

भीड़ ने की पिटाई, लिलुआ पुलिस ने बचाकर शुरू की जांच

सूचना मिलने पर लिलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के कब्जे से तीनों आरोपियों को सुरक्षित निकालकर अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने लोगों से शांत रहने की अपील की और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की सलाह दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बंद फैक्ट्री को निशाना बनाकर चोरी की योजना के तहत वहां पहुंचे थे। हालांकि, चोरी से पहले ही उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। पुलिस ने कारखाने का निरीक्षण कर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और क्या वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं। तीनों के खिलाफ चोरी के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT