सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

सुनवाई के तनाव में युवक ने लगाई फांसी !

केंद्र सरकार पर बरसी तृणमूल, मृतक के परिजनों को ले जाएंगे दिल्ली

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : SIR की प्रक्रिया एक बार फिर जानलेवा साबित होने लगी है। उत्तर 24 परगना के हाड़वा थाना अंतर्गत गोपालपुर-2 ग्राम पंचायत के भवानीपुर गांव में एक 33 वर्षीय युवक बाप्पा मंडल की असामान्य मृत्यु ने पूरे इलाके में SIR के आतंक को गहरा कर दिया है। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि नामों की त्रुटि सुधारने के लिए बार-बार आ रहे नोटिस और सुनवाई के डर से मानसिक तनाव में आकर बाप्पा ने आत्महत्या कर ली।

सुनवाई के केंद्र से लौटकर उठाया खौफनाक कदम

घटना की पृष्ठभूमि 23 जनवरी से शुरू हुई थी, जब नाम में सुधार के लिए बाप्पा के परिवार को सुनवाई (Hearing) के लिए बुलाया गया था। किसी कारणवश उस दिन परिवार नहीं जा सका। इसके बाद दोबारा नोटिस आया, जिसे बाप्पा ने खुद दस्तखत कर लिया था। गुरुवार सुबह 10 बजे हड़वा ब्लॉक कार्यालय में उनकी सुनवाई तय थी। बाप्पा अपने परिवार के साथ वहां पहुंचे भी थे, लेकिन देरी से पहुंचने और वहां के माहौल को देख वे अचानक बिना बताए घर लौट आए। परिवार वाले जब घर पहुंचे, तो उन्होंने बाप्पा का शव फंदे से लटकता पाया।

माँ का विलाप और 'सर' का साया

मृतक की माँ रेहाना बीबी ने बिलखते हुए कहा, "नाम की मामूली गलती के लिए हमें बार-बार बुलाया जा रहा था। मेरा बेटा पिछले कई दिनों से इसी चिंता में डूबा था कि कहीं हमारे दस्तावेज रद्द न हो जाएं। SIR के इसी डर ने मेरे इकलौते बेटे की जान ले ली।" बाप्पा अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं।

राजनीतिक सरगर्मी: दिल्ली कूच की तैयारी

इस घटना ने तुरंत राजनीतिक मोड़ ले लिया है। गोपालपुर अंचल तृणमूल के उपाध्यक्ष जाफर अली मंडल ने इस मौत के लिए सीधे तौर पर केंद्र की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण आम जनता दस्तावेजों के फेर में जान गंवा रही है। तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का फैसला किया है। खबर है कि पार्टी मृतक के परिजनों को साथ लेकर दिल्ली जाएगी ताकि केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जा सके।

हड़वा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद से गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

SCROLL FOR NEXT