मुख्य बातें
84.6 मिमी की रिकॉर्ड बारिश
50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं
उत्तर बंगाल में 200 मिमी से अधिक बारिश की चेतावनी
स्कूलों में देर से छुट्टी सड़कों पर ट्रैफिक जाम में फंसे रहे लोग
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में तेज आंधी, कड़कती बिजली और मूसलधार बारिश ने लोगों को परेशान किया। कोलकाता में दिनभर बिजली की कड़कड़ाहट और चमक ने पूरे माहौल को भयावह बना दिया। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार शहर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जबकि कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं उत्तर बंगाल में अगले तीन दिनों के दौरान 200 मिमी से अधिक बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अलीपुर में 84.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे कुछ ही घंटों में कई सड़कें जलमग्न हो गईं। यातायात धीमा पड़ गया और कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से कोलकाता की रफ्तार पर लगा ब्रेक
लगातार बारिश से शहर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़कों से लेकर प्रमुख चौराहों तक पानी भर जाने से पूरा शहर जैसे ठहर सा गया। सेंट्रल एवेन्यू, महात्मा गांधी रोड, अमहर्स्ट स्ट्रीट, स्ट्रैंड रोड, साल्ट लेक, सेक्टर-5, दमदम और बागुईआटी जैसे कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। ईएम बाईपास और मां फ्लाईओवर पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
उत्तर बंगाल में भारी बारिश का खतरा
दूसरी ओर उत्तर बंगाल में स्थिति और गंभीर होती दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 जून के बीच दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बाढ़ और भूस्खलन की आशंका
लगातार बारिश के कारण तीस्ता, तोर्सा, जलढाका और रायडक नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। वहीं दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले कुछ दिन रहेंगे चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल में सप्ताहांत तक रुक-रुक कर बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा। वहीं उत्तर बंगाल में अगले 5 दिन बेहद अहम माने जा रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है।