टॉप न्यूज़

मतदान के दिन मौसम ने बदली करवट, शाम से शुरू हुई मूसलधार बारिश

60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं तेज हवाएं

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अलर्ट जारी

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में मतदान के दिन सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। हल्की बूंदाबांदी बीच-बीच में होती रही, जिससे मौसम पूरी तरह नम और अस्थिर बना रहा। दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही, जिससे मतदाताओं को भी थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। शाम करीब 8 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में बारिश इतनी तेज हो गई कि सड़कों पर पानी भरने लगा और कई इलाकों में दृश्यता भी कम हो गई।

आंधी-तूफान से जनजीवन हुआ प्रभावित अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इसके चलते कई जगहों पर पेड़ झुक गए और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

रेड अलर्ट जारी, कई जिलों में चेतावनी

मौसम विभाग ने गुरुवार यानी आज कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर और हुगली में भी भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार ऊपरी वायुमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के कारण बंगाल की खाड़ी से भारी नमी आ रही है, जिससे यह मौसमीय स्थिति बनी है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। उत्तर बंगाल में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

SCROLL FOR NEXT