Abhishek Banerjee at the tomb of Rasbihari Bose 
टॉप न्यूज़

रासबिहारी बोस के समाधि स्थल का होगा जीर्णोद्धार

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने की पहल

कोलकाता : केंद्र के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में जापान पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को राजधानी टोक्यो में प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस (आईएनए या आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक और ग़दर विद्रोह के प्रमुख आयोजक) के समाधि स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अभिषेक ने पूर्व न्यायाधीश राधाविनोद पाल (भारतीय विधिवेत्ता जो 1952 से 1966 तक संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय विधि आयोग के सदस्य थे) की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि, अभिषेक ने रासबिहारी की समाधि के रखरखाव में कमी पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने जापान में भारतीय राजदूत सी.बी. जॉर्ज और भारतीय दूतावास से अनुरोध किया कि वे इस बारे में संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए अभिषेक ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'बंगाल के इस महान सपूत रासबिहारी बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुझे बहुत गर्व हो रहा है। भारत उनकी अदम्य भावना, साहस और हमारे स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए हमेशा उनका आभारी रहेगा। उनके स्मारक को इस तरह उपेक्षित और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में देखना निराशाजनक था।' उन्होंने यह भी कहा कि मैंने हमारे राजदूत सिबी जॉर्ज और टोक्यो में भारतीय दूतावास से अनुरोध किया है कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाएं और सुनिश्चित करें कि इस उल्लेखनीय नायक को वह सम्मान मिले जिसके वे वास्तव में हकदार हैं।

इसके अलावा अभिषेक ने जापान के कीयो विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजीव साव के साथ राज्य के तटीय क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन पर अलग से बैठक की। बाद में अभिषेक अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष महामहिम फुकुशिरो नुकागा से भी मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष नुकागा ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के संकल्प में जापान के मजबूत समर्थन की पुष्टि की। बता दें कि अध्यक्ष नुकागा ने हाल ही में भारत का दौरा भी किया था। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में जापान के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान अभिषेक ने नुकागा की आगामी भारत यात्रा के दौरान पश्चिम बंगाल में आने के लिए आमंत्रित भी किया।

SCROLL FOR NEXT