टॉप न्यूज़

कोलकाता में 14.5 डिग्री पर पहुंचा पारा....

शनिवार अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में अब ठंड ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। शनिवार की सुबह कोलकाता वासियों ने इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह का अनुभव किया। अलीपुर में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। शहर में पहली बार पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा। राज्य में फिलहाल कोई मौसमी उत्पात सक्रिय नहीं है, जिसके कारण ठंडी और शुष्क पश्चिमी हवाएं बंगाल में निर्बाध रूप से प्रवेश कर रही हैं। इसका सीधा असर पश्चिमी जिलों पर पड़ा है, जहां तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 7 दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और ठंड का प्रभाव लगातार महसूस होगा।

वीकेंड पर जमकर पड़ेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक वीकेंड पर तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। सुबह के समय ओस गिरेगी और कई स्थानों पर सड़कों व घाटों पर कोहरा छाया रह सकता है। वहीं तटीय इलाकों में कोहरे की संभावना और अधिक जताई गई है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह और शाम में ठंड का एहसास गहराएगा। गत मंगलवार को कोलकाता का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था, जो गुरुवार तक गिरकर 15 डिग्री हो गया। शुक्रवार को हल्की बढ़त के बाद शनिवार को पारा फिर से 14.5 डिग्री पर आ गया।

उत्तर बंगाल में भी जारी रहेगा ठंड का असर

उत्तर बंगाल में ठंड का दौर लगातार बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार यहां अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि पहाड़ी इलाकों में ठंड और तेज महसूस होगी। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे वहां शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

एक नजर में जिलों में तापमान

जिला डिग्री (सेल्सियस)

श्रीनिकेतन 10.2

कल्याणी 10.3

बांकुड़ा 10.9

बर्दवान 11

पानागढ़ 11.2

पुरुलिया 12.4

मेदिनीपुर 12.5

अलीपुर 14.5

दमदम 14.9

SCROLL FOR NEXT