टॉप न्यूज़

10 विधायकों को चेतावनी देकर मामला किया खत्म स्पीकर ने

कोलकाता : भाजपा के दस विधायकों को तोड़फोड़, मार्शलों पर हमला व सरकारी संपत्ति को कथित नुकसान पहुंचाने का दोषी पाया गया है। स्पीकर विमान बनर्जी के निर्देश पर गठित जांच कमेटी ने मंगलवार को रिपोर्ट सौंपी है जिसमें उन्हें दोषी पाया है। हालांकि स्पीकर ने अपना सुर नरम रखा। बीजेपी विधायकों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गयी। स्पीकर ने उन्हें सदन में अपने व्यवहार के प्रति सतर्क रहने के लिए कहा है और फिर दोबारा ऐसा ना हो इसका ख्याल रखने के लिए कहा है। इस तरह यह मामला यही खत्म हुआ। भाजपा के दस विधायकों में शंकर घोष, मनोज ओराव, दीपक बर्मन, अग्निमित्रा पॉल, सीखा चटर्जी, चंदना बाउड़ी, सुदीप कुमार मुखर्जी, मीहिर गोस्वामी, शांतनु प्रमाणिक,अशोक डिंडा शामिल हैं। स्पीकर ने कहा कि 10 बीजेपी विधायकों को दोषी पाया गया है और उन्हें विधानसभा कर्मचारियों और मार्शल के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पाया गया है। विधायकों के खिलाफ कोई बड़ा एक्शन नहीं लिया बल्कि उनसे अधिक सतर्कता बरतने को कहा है।

क्या है मामला

23 जून को विधानसभा के भीतर हंगामा हुआ था। भाजपा विधायकों को स्पीकर ने सस्पेंड किया था मगर बीजेपी के विधायक सदन में ही बने रहे। स्पीकर ने मार्शल से बीजेपी विधायकों को बाहर करने के लिए कहा। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। विधानसभा के अंदर कथित तौर पर की गई तोड़फोड़ का आरोप बीजेपी पर लगा। माइक टूट गए कई डेस्क को भी नुकसान पहुंचा था। भाजपा ने भी आरोप लगाया था कि मार्शल व अन्य सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की थी। दोनों ओर से थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी थी। स्पीकर ने जांच का निर्देश दिया था।

मुख्य बातें

* 23 जून को विधानसभा के भीतर हंगामा हुआ था

* टूटे थे माइक से लेकर डेस्क, दोषी पाये गये थे विधायक

* भाजपा विधायकों ने भी लगाये थे आरोप

* तृणमूल और भाजपा दोनों ओर से हुई थी शिकायत

* स्पीकर ने जांच का निर्देश दिया था

SCROLL FOR NEXT