सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

वोटर लिस्ट से नाम कटने का 'सदमा': पानीहाटी में महिला को हुआ ब्रेन स्ट्रोक

चुनाव आयोग पर फूटा गुस्सा

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी: चुनाव आयोग द्वारा जारी एसआईआर (SIR) वोटर लिस्ट से नामों की बड़े पैमाने पर कटौती अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। पानीहाटी नगरपालिका के 23 नंबर वार्ड अंतर्गत दक्षिणायन इलाके में वोटर लिस्ट से नाम गायब होने की चिंता में 42 वर्षीय साधना मजूमदार को 'ब्रेन स्ट्रोक' हो गया। फिलहाल वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कैंसर पीड़ित पति पर टूटा दुखों का पहाड़

साधना देवी के पति अरिंदम मजूमदार स्वयं कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे हैं। उन्होंने रुंधे गले से बताया कि 28 फरवरी को जब एसआईआर सूची आई, तो उसमें उनकी पत्नी का नाम गायब था। वैध दस्तावेज होने के बावजूद नाम कटने की खबर सुनते ही साधना देवी गहरे तनाव में चली गईं और उन्हें अचानक स्ट्रोक आ गया, जिससे उनके शरीर का एक हिस्सा लकवाग्रस्त (Paralysis) हो गया है। अरिंदম ने सवाल उठाया कि जब हमारे पास सभी प्रमाण पत्र हैं, तो आयोग ने नाम क्यों हटाया?

वार्ड संख्या 29 में भी भारी नाराजगी

सिर्फ 23 नंबर वार्ड ही नहीं, बल्कि पानीहाटी के 29 नंबर वार्ड (घोला रामकृष्णपुर) में भी 151 नंबर बूथ पर 35 मतदाताओं के नाम लिस्ट से 'डिलीट' कर दिए गए हैं। इनमें एक ही परिवार के 4 सदस्य शामिल हैं। इससे आक्रोशित होकर स्थानीय मतदाताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय पार्षदों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए आयोग की भूमिका पर निशाना साधा है। इस मुद्दे को लेकर इलाके में तृणमूल और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।

SCROLL FOR NEXT