टॉप न्यूज़

सेकेंड हुगली ब्रिज पर मरम्मत कार्य का दायरा बढ़ सकता है

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हावड़ा और कोलकाता के महत्वपूर्ण यातायात मार्गों में शामिल सेकेंड हुगली ब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य में अब और विस्तार होने की संभावना है। यहां पर अब तक सबसे बड़ा मरम्मत कार्य चल रहा है और इस दौरान कई और नये कार्य करने की योजना बन रही है। सेकेंड हुगली ब्रिज का रखरखाव एचआरबीसी के अधीन है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा मरम्मत अभियान है, जिसके दौरान पहले से तय कार्यों के अलावा कई नये कार्यों को भी शामिल करने की योजना है। इस पर पूरी तरह से अभी मुहर नहीं लगी है।

क्या कहना है अधिकारी का

अधिकारी ने बताया कि सेकेंड हुगली ब्रिज के 152 स्टे केबल्स में 19 केबल्स को बदलने का निर्णय लिया गया है। इनमें से अब तक 4 स्टे केबल्स बदले जा चुके हैं तथा अभी 15 स्टे केबल्स बदलने का काम बाकी है। यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है ताकि ब्रिज की संरचनात्मक मजबूती बनी रहे और यातायात पर न्यूनतम असर पड़े। इसके अलावा ब्रिज में लगे बियरिंग्स की मरम्मत और बदलाव का काम भी जारी है। अधिकारी ने बताया कि ब्रिज में अलग-अलग आकार के कई बियरिंग्स लगे हुए हैं। इनमें से कई बड़े बियरिंग्स का कार्य किया जाना है, जिनमें से अब तक 6 बड़े बियरिंग्स की मरम्मत पूरी कर ली गई है। वहीं, करीब 30 से 35 छोटे बियरिंग्स के मरम्मत कार्य अभी किए जाने हैं। वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पहले से निर्धारित मरम्मत कार्यों के अलावा जिन नये कार्यों की आवश्यकता सामने आ रही है, उनके लिए अलग से योजना तैयार की जाएगी। इन नये कार्यों को तकनीकी जांच और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर अंतिम रूप दिया जाएगा।

अधिकतम 16 घंटे का लिया जायेगा क्लोजर

सेकेंड हुगली ब्रिज को पूरी तरह से यातायात बंद करके ही स्टे केबल्स का अहम कार्य किया जा रहा है। गत कई सप्ताह से एचआरबीसी ट्रैफिक पुलिस से रविवार को ब्रिज पर वाहनों के लिए बंद की अनुमति ले रहा है। अधिकारी के मुताबिक आने वाले दिनों में भी कई क्लोजर लेने होंगे। अधिकतम एक दिन में 16 घंटे तक ट्रैफिक के लिए ब्रिज बंद का क्लाेजर लिया जायेगा।

SCROLL FOR NEXT