टॉप न्यूज़

कोलकाता में बारिश का दौर खत्म, अब बढ़ेगी गर्मी

3-4 दिनों में रात के तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में बारिश का दौर अब थम गया है और मौसम धीरे-धीरे शुष्क होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार यानी आज से बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह से धूप निकलेगी और दोपहर तक बादल पूरी तरह छंट जाएंगे, जिससे आसमान साफ हो जाएगा। हालांकि हवा में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास होगा। बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी। अधिकतम तापमान, जो पहले 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वह घटकर 27 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। वर्तमान में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 3-4 दिनों में रात के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

हल्की बारिश और तेज हवा से नुकसान

महानगर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जो ज्यादा देर तक नहीं टिकी। शुरुआत में वर्षा हल्की थी और समय के साथ धीरे-धीरे कम होती गई। बारिश के दौरान गरज के साथ तेज हवाएं भी चलीं। यह बेमौसम बारिश बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हुई।

उत्तर बंगाल में 4 डिग्री तक बढ़ने के आसार

उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्के कोहरे की संभावना है। दार्जिलिंग के संदकफू और फालुत में हाल ही में बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ों में मौसम बेहद सुहावना हो गया है।मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बंगाल में अगले 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तीन दिनों में करीब 4 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। फिलहाल बारिश से मिली राहत अस्थायी मानी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT