टॉप न्यूज़

मायाबंदर में लगातार बिजली संकट से जनता परेशान

लगातार बिजली कटौती से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : मायाबंदर क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और तेज वोल्टेज उतार–चढ़ाव से स्थानीय लोगों की परेशानियाँ बढ़ती जा रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व प्रमुख अब्दुल सिद्दीक़ ने उपायुक्त तथा सहायक आयुक्त को एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि 28 नवंबर को आठ से दस घंटे तक पूर्ण ब्लैकआउट रहा और उसके बाद से बिजली की सप्लाई लगातार अस्थिर बनी हुई है। सेकंडों और मिनटों के भीतर होने वाले वोल्टेज फ्लक्चुएशन से लोगों के घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब हो रहे हैं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। आर.पी. अस्पताल में इलाज कराना मुश्किल हो रहा है, छात्र परीक्षा के दौरान ठीक से पढ़ नहीं पा रहे हैं और व्यापारियों को भारी क्षति हो रही है। बिजली घर तथा संबंधित कार्यालयों को किये गये फोन कॉल्स भी अक्सर अनसुने रह जाते हैं, जिससे जनता की नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पनिघाट पावर हाउस में तकनीकी विशेषज्ञ की जगह एक गैर-तकनीकी व्यक्ति को तैनात किया गया है, जबकि कंपनी का तकनीशियन दिल्ली में है और लंबे समय से वापस नहीं आया। 23 सितंबर को 20 घंटे की लंबी बिजली कटौती के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। शिकायत में कहा गया है कि एक निजी कंपनी को हर महीने भारी राशि का भुगतान करने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। पावर हाउस के पास कोई बैकअप डीजल जनरेटर सेट नहीं है और पुरानी इंजन पर निर्भरता पूरी मायाबंदर तहसील को ब्लैकआउट की स्थिति में धकेल सकती है। अब्दुल सिद्दीक ने इस स्थिति को “बेहद गंभीर और चिंताजनक” बताते हुए चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की गयी तो जनता में रोष बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर मायाबंदर में कुशल तकनीशियन की स्थायी तैनाती और उचित क्षमता वाले डीजल जनरेटर सेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

SCROLL FOR NEXT