टॉप न्यूज़

प्रधानमंत्री आज जारी करेंगे IIT खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली पर ₹75 का स्मारक सिक्का

यह सिक्का 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी से निर्मित होगा। इसका वजन 40 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर होगा। इस सिक्के का निर्माण और बिक्री भारत सरकार की कोलकाता टकसाल के माध्यम से की जाएगी।

sabita

सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 21 नवंबर को ₹75 का विशेष स्मारक सिक्का जारी करेंगे। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित IIT परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह को संस्थान के गौरवशाली इतिहास और देश की तकनीकी एवं शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से 12 अगस्त 2025 को जारी राजपत्र अधिसूचना में इस स्मारक सिक्के के निर्माण और जारी किए जाने की आधिकारिक जानकारी दी गई थी। यह सिक्का 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी से निर्मित होगा। इसका वजन 40 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर होगा।

समारोह में ये गणमान्य व्यक्ति होंगे शामिल

21 नवंबर को सुबह 9:45 बजे से 11 बजे तक आयोजित होने वाले प्लेटिनम जुबली समारोह के लिए जारी किए गए मंचीय बैठक प्लान के अनुसार प्रधानमंत्री के साथ मंच पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, IIT खड़गपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन टी.वी. नरेंद्रन तथा संस्थान के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती उपस्थित रहेंगे।

सिक्के के अग्रभाग और पृष्ठभाग पर होगी विशेष डिजाइन

सिक्के के अग्रभाग पर मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित होगा, जिसके नीचे 'सत्यमेव जयते' लिखा होगा। बाईं ओर देवनागरी लिपि में 'भारत' और दाईं ओर अंग्रेजी में 'INDIA' अंकित रहेगा। इसके निचले हिस्से में रुपये का प्रतीक ₹ और अंतरराष्ट्रीय अंकों में 75 लिखा होगा। सिक्के के पृष्ठभाग पर IIT खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली का विशेष लोगो होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी में 'भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर' तथा निचली परिधि पर अंग्रेजी में 'Indian Institute of Technology, Kharagpur' अंकित होगा। डिजाइन में वर्ष 2025 के साथ हिंदी में 'प्लैटिनम जयंती' और अंग्रेजी में 'Platinum Jubilee' भी प्रदर्शित किया जाएगा।

संग्रहणीय सिक्का होगा, सामान्य प्रचलन में नहीं आएगा

प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत, के अनुसार, यह स्मारक सिक्का सामान्य लेन-देन अथवा बाजार में प्रचलन के लिए जारी नहीं किया जा रहा है, बल्कि इसे विशेष संग्रहणीय सिक्के (Collectible Coin) के रूप में तैयार किया गया है। ऐसे सिक्कों को संबंधित संस्थान, समारोह और ऐतिहासिक अवसर से जुड़े लोग तथा देश-विदेश के सिक्का संग्रहकर्ता अपने संग्रह में सुरक्षित रखते हैं। इस सिक्के का निर्माण और बिक्री भारत सरकार की कोलकाता टकसाल (India Government Mint, Kolkata) के माध्यम से की जाएगी।

देश का पहला IIT है खड़गपुर

IIT खड़गपुर की स्थापना वर्ष 1951 में पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में हुई थी। यह भारत का पहला और सबसे पुराना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। लगभग 2,000 एकड़ में फैला इसका विशाल परिसर देश के प्रमुख शैक्षणिक परिसरों में गिना जाता है। विज्ञान, इंजीनियरिंग, तकनीकी अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में संस्थान ने देश और दुनिया को अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शिक्षाविद, उद्यमी और तकनीकी विशेषज्ञ दिए हैं। प्लेटिनम जुबली के अवसर पर जारी होने वाला ₹75 का यह स्मारक सिक्का IIT खड़गपुर की 75 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान की यादगार के रूप में संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष महत्व रखेगा।

SCROLL FOR NEXT